रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। प्रस्तावित जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने जमीनी स्तर पर गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसील खतौली के ग्राम खानजहाँपुर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व जिला जनगणना अधिकारी गजेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में फील्ड ट्रेनरों द्वारा ग्राउंड स्तर पर अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया को प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से होम मैपिंग और हाउस लिस्टिंग से जुड़ा प्रशिक्षणात्मक अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी गजेन्द्र कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और फील्ड ट्रेनरों द्वारा किए जा रहे अभ्यास कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से जनसंख्या के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। यही आंकड़े आगे चलकर सरकार की योजनाओं और नीतियों की आधारशिला बनते हैं।
अभ्यास कार्यक्रम के तहत फील्ड ट्रेनरों ने गांव के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर घरों का चिन्हांकन किया, मानचित्र तैयार किए और आवश्यक विवरण दर्ज करने का अभ्यास किया। इसके साथ ही जनगणना से संबंधित निर्धारित प्रारूपों और प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि वास्तविक जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई सामने न आए।
अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी जिम्मेदारी और सावधानी के साथ किया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने बताया कि होम मैपिंग की प्रक्रिया के माध्यम से प्रत्येक घर, भवन और परिवार की सही पहचान सुनिश्चित की जाती है, जो आगामी जनगणना चरणों के लिए आधार का कार्य करती है।
इस दौरान फील्ड ट्रेनरों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें आगामी जनगणना के महत्व और प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए इस तरह के अभ्यास कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सभी फील्ड कर्मचारियों को प्रक्रिया की पूरी जानकारी हो सके और कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।

