रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पुलिस वह प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकाण्ड दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत अग्निकांड से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर मंडी समिति सचिव नीतीश मलिक विशेष रूप से पहुंचे और मंचासीन अधिकारियों के माध्यम से पीड़ित किसानों को सहायता राशि प्रदान कराई।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सिखरेडा, पोस्ट मीरापुर, तहसील जानसठ निवासी किसान शकील अहमद पुत्र रहमतुल्ला को 30 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। बताया गया कि 22 अप्रैल को शकील अहमद अपनी गेहूं की फसल की कटाई के बाद उसे इकट्ठा कर हार्वेस्टिंग करा रहे थे, तभी अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे उनकी फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद किसान ने मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकाण्ड दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत आवेदन किया था, जिसकी प्रक्रिया पूर्ण होने पर सहायता राशि स्वीकृत की गई।
इसी क्रम में ग्राम नावला, तहसील खतौली निवासी किसान दिनेश कुमार पुत्र भोपाल सिंह को भी 30 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। दिनेश कुमार की खड़ी गेहूं की फसल में 11 अप्रैल को विद्युत तारों से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई थी, जिससे भारी नुकसान हुआ था। संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद सहायता राशि मंजूर की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि सरकार किसानों की सुरक्षा और हितों के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्राकृतिक या आकस्मिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को योजनाओं के माध्यम से शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जा रही है। सहायता राशि मिलने पर दोनों किसानों ने शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

