Headlines

यातायात पुलिस का शिकंजा: अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नो-पार्किंग में खड़े 278 वाहनों के चालान

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों पर अव्यवस्था और जाम से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए शनिवार को यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए सघन अभियान में अतिक्रमण पर सीधी कार्रवाई करते हुए कई प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, वहीं नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान मीनाक्षी चौक, आलू मंडी, शिव चौक, नोवेल्टी चौक और अस्पताल चौराहे से लेकर झांसी की रानी तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया गया। लंबे समय से सड़क पर फैले अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था में तत्काल सुधार देखने को मिला।
वहीं, नियमों की अनदेखी कर नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई। अभियान के दौरान कुल 278 वाहनों के चालान किए गए, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई जगहों पर पुलिस ने सख्ती के साथ समझाइश भी दी और भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।
यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान जनहित में चलाया गया है और आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने साफ किया कि सड़क पर अतिक्रमण और नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता से अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें, यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने से बचें। नियमों का पालन ही सुरक्षित और सुगम यातायात की कुंजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *