रिपोर्ट – हरीश


हमीरपुर। मुस्करा कस्बे में एक मां ने अपने इकलौते बेटे की गंभीर बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। 40 वर्षीय चंदा ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी।
मुस्करा थाना क्षेत्र के ऐंझी गांव निवासी जयहिंद श्रीवास ने बताया कि उनका बेटा उपेंद्र 18 वर्ष लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उसका इलाज पहले लखनऊ के पीजीआई में कराया गया था लेकिन सुधार न होने पर उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार को दिल्ली एम्स से बेटे की हालत गंभीर होने की सूचना मिली। यह खबर सुनते ही चंदा अत्यधिक परेशान हो गईं। घर में अकेला पाकर उन्होंने रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी बेटी शिवकांती ने मां को फंदे पर लटका देखा और शोर मचाया। इसके बाद चंदा को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता जयहिंद श्रीवास ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करके घर चला रहे हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद वे किसी तरह बेटे का इलाज करवा रहे थे, जिसके कारण उन पर काफी कर्ज भी हो गया था।
थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
