भाजपा नेता पर जानलेवा हमला पड़ा भारी, 24 घंटे में आठ आरोपी दबोचे

Spread the love

— ब्यूरो: कबीर
मोबाइल: 9389289821

मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आठ आरोपियों को दबोचने के साथ एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है। घटना में प्रयुक्त थार और स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है।
मोहल्ला कुंदनपुरा निवासी अभिषेक गोयल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों के साथ मेरठ जनपद के लावड़ में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वापसी के दौरान कार चालक से नशीले पदार्थ के सेवन को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी रंजिश में चालक ने फोन कर अपने साथियों को वशुंधरा अंडरपास के पास बुला लिया।
शाम करीब आठ बजे जैसे ही उनकी गाड़ी अंडरपास के पास पहुंची, पहले से मौजूद 15-20 युवकों ने वाहन रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हुए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने गले में कपड़ा डालकर जान से मारने का प्रयास भी किया।
तहरीर के आधार पर सिविल लाइन थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर अब्दुल्ला, सावेज त्यागी, सुभान, फैज राणा, अदनान, अजीम, हैदर और ताबिश को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी खालापार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार फैज राणा पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *