रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर । कानपुर नगर के साढ़ थाना क्षेत्र के कुड़नी गांव में स्थित प्रसिद्ध (सिद्ध) बजरंगबली मंदिर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा कानपुर निवाशी संजीव तिवारी और योगेंद्र सिंह के सौजन्य से संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों ने सहभागिता की। बसंत पंचमी के शुभ दिन मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बजरंगबली के दर्शन किए और इसके उपरांत विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में श्रद्धालुओं को सब्जी-पूड़ी परोसी गई, जिसे सभी ने श्रद्धा और उत्साह के साथ ग्रहण किया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। जय बजरंगबली के जयकारों के बीच सेवाभाव से जुड़े लोग व्यवस्था संभालते नजर आए। कार्यक्रम में गौरव तिवारी,( पत्रकार)कुलदीप तिवारी,राजू तिवारी, सौरभ तिवारी, योगेंद्र सिंह, सहित अन्य गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन में सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। भंडारे के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने आयोजक की सराहना की।
