आईजी किरण एस. ने हरदोई पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश, जनसेवा के प्रतिu संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर दिया जोर

Spread the love

रिपोर्ट – रजनीश शर्मा

हरदोई। पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ किरण एस. का गुरूवार को जनपद हरदोई आगमन हुआ। पुलिस लाइन पहुंचने पर सलामी गार्द द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई। इसके पश्चात आईजी ने पुलिस लाइन हरदोई का व्यापक निरीक्षण किया और विभिन्न प्रशासनिक एवं परिचालन व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी किरण एस. ने कार्यालयों, बैरकों, परिवहन शाखा सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, साफ-सफाई, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन बनाए रखने और जनसेवा के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।
इसके बाद आईजी ने पुलिस लाइन स्थित थाना साइबर क्राइम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, उपलब्ध संसाधनों, तकनीकी सुविधाओं तथा साइबर अपराधों से संबंधित पंजीकृत अभियोगों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र व गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी निरीक्षक एवं साइबर थाना स्टाफ को तकनीकी दक्षता बढ़ाने और पीड़ितों से संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए कहा।
अंत में आईजी ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं जनपद के सभी थानों के पैरोकारों के साथ गोष्ठी की। गोष्ठी में न्यायालयीन प्रकरणों की प्रभावी पैरवी, समयबद्ध अनुपालन, साक्ष्यों की सुदृढ़ प्रस्तुति तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *