नराकास फतेहपुर ने शिव शरण बंधु को किया पुरस्कृत
रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) फतेहपुर द्वारा आयोजित वार्षिक राजभाषा समारोह में प्रख्यात कवि एवं शायर शिव शरण बंधु ‘हथगामी’ को राष्ट्रकवि सोहनलाल द्विवेदी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) के अध्यक्ष एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख अरविंद कुमार ने अपने कर-कमलों से सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, शाल, वृक्ष एवं 11 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शिव शरण बंधु ने “नई पीढ़ी का साहित्य और चुनौतियां” विषय पर विचारोत्तेजक व्याख्यान दिया तथा अपनी कुछ चयनित कविताओं का पाठ भी किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नराकास फतेहपुर के सदस्य सचिव कामाख्या पांडेय के प्रारंभिक उद्बोधन एवं मुख्य अतिथि के स्वागत व परिचय के साथ हुआ। इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा फतेहपुर क्षेत्र की ई-पत्रिका “फतेहपुर संवाद” का विमोचन किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष नराकास के संबोधन ने उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में अरविंद कुमार ने कहा कि हिंदी की सेवा राष्ट्र की सेवा है। उन्होंने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य अतिथि शिव शरण बंधु ने अपने व्याख्यान में कहा कि नई पीढ़ी का साहित्य समाज में हो रहे तेज बदलावों का प्रतिबिंब है। आज का युवा लेखक अपने अनुभव, विचार और समस्याओं को नई भाषा एवं नए माध्यमों के जरिए अभिव्यक्त कर रहा है। हालांकि नई पीढ़ी के साहित्य के सामने पाठकों की घटती रुचि और तेज जीवनशैली जैसी चुनौतियां भी हैं, लेकिन इन सबके बावजूद यही साहित्य भविष्य की दिशा तय कर रहा है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
