छात्र राजनीति में शिवसेना की बड़ी ताकत, जतिन वशिष्ठ बने विद्यार्थी सेना जिलाध्यक्ष

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शिवसेना के छात्र संगठन विद्यार्थी सेना को जिले में नया नेतृत्व मिल गया है। रविवार को प्रकाश चौक स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित संगठन की आवश्यक बैठक में जतिन वशिष्ठ को विद्यार्थी सेना का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। इस दौरान संगठन विस्तार अभियान के तहत करीब 85 विद्यार्थियों को शिवसेना की सदस्यता दिलाई गई, जबकि अमित मित्तल को युवा जिला सचिव के पद पर नियुक्त किया गया। बैठक में छात्रों और युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी ने संगठन के बढ़ते प्रभाव और सक्रियता को स्पष्ट कर दिया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा ने की, जबकि संचालन मंडल प्रमुख शरद कपूर ने किया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति और छात्र वर्ग को बड़े पैमाने पर जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। शिवसेना के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने अपने संबोधन में बताया कि प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा की संस्तुति पर जतिन वशिष्ठ को विद्यार्थी सेना का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि जतिन वशिष्ठ लंबे समय से छात्र वर्ग के बीच सक्रिय रहकर संगठन के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में विद्यार्थी सेना को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन जिले में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को एकजुट कर राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की विचारधारा को मजबूती देना है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जतिन वशिष्ठ ने जिम्मेदारी संभालते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, वे उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सेना को गांव से लेकर शहर तक, कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में मजबूती से खड़ा किया जाएगा। शिवसेना की नीतियों और विचारधारा का प्रचार-प्रसार पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा और हिंदुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र वर्ग तेजी से संगठन से जुड़ रहा है, जो आने वाले समय में विद्यार्थी सेना को जिले की एक मजबूत ताकत बनाएगा। मंडल प्रमुख शरद कपूर ने कहा कि जिस उत्साह और विश्वास के साथ छात्र संगठन से जुड़ रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि भविष्य में संगठन का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों को संगठन की नीतियों, अनुशासन, राष्ट्रसेवा और सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी गई। पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में जिलेभर के कॉलेजों में सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ा जा सके।
बैठक में संजीव शंकर, मुकेश त्यागी, पूनम चौधरी, नरेंद्र ठाकुर, प्रदीप जैन, राजेंद्र पाल, विकास चौहान, योगेंद्र सैनी, ललित रहेला, आलोक अग्रवाल, देवेंद्र चौहान, उज्ज्वल पंडित, मंगतराम, बाबूराम, अरविंद शर्मा, संजीव वर्मा, अतुल, वैभव, अक्षय, अरुण, आकाश, मनोज चौधरी, सजल वर्मा, प्रिंस वर्मा, वंश तोमर, करण ठाकुर, शैलेंद्र, दाताराम, नंदू कश्यप, अजय सैनी, वेदांत सिंगल, सत्येंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और छात्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *