रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कचहरी गेट के समीप स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह उपवास प्रतीकात्मक विरोध के रूप में रखा गया, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुलकर मोर्चा खोला।
उपवास कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सत्यपाल कटारिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस द्वारा शुरू की गई जनहितकारी योजनाओं के नाम बदलकर और उन्हें कमजोर करके देशहित का दिखावा कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी योजना, जिसने करोड़ों गरीब और मज़दूर परिवारों को सहारा दिया, उसे योजनाबद्ध तरीके से निष्प्रभावी किया जा रहा है।
मनरेगा बचाओ संग्राम के जिला कोऑर्डिनेटर राकेश पुंडीर ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर गरीब मज़दूरों के अधिकारों पर सीधा हमला किया है। उन्होंने सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस गरीब और मज़दूर भाइयों के हक की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ेगी। उन्होंने बताया कि यह एक दिन का उपवास कार्यक्रम है, जबकि 12 जनवरी से 29 जनवरी तक जनपद के सभी ब्लॉकों और नगर स्तर पर “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेश महासचिव कमल मित्तल ने कहा कि मनरेगा अपने मूल उद्देश्य से भटका दी गई है। सरकार ने योजना के नाम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाकर इसे कमजोर करने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए कानूनों के माध्यम से रोजगार की गारंटी खत्म कर ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे गरीब और मज़दूर सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों और मज़दूरों के लिए जीवनरेखा जैसी योजना थी, लेकिन मौजूदा सरकार इसे समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार की मंशा गरीबों के अधिकारों को सीमित कर उन्हें उनके हक से वंचित करने की है।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।
उपवास कार्यक्रम में राकेश पुंडीर, बिल्किस चौधरी, अकील राणा, ज़फ़र महमूद, रिज़वान अहमद सिद्दीकी, कमल मित्तल, विनोद धीमान, ममनून अंसारी, मदन मोहन शर्मा, हाकिम अली, सद्दाम सिद्दीकी, नरेश भारती, राशिद चौधरी, मजहर अब्बास, हर्षवर्धन त्यागी, अजय चौधरी, मुकुल शर्मा, शाह फैसल कुरैशी, दिनेश पाल, रविंद्र बालियान, तारिक कुरैशी, सतीश सहरावत, नरेंद्र बालियान, शमीम सैफई, आदिल गुल्लू, राजीव गुप्ता, अंजान राणा, डॉक्टर राजेंद्र पाल, राजेंद्र कुमार पाल सहित सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद रहे।
