Headlines

बीबीपुर चौकी से 200 मीटर दूर फार्म हाउस में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, ईंट-पत्थरों से कुचला चेहरा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-58 के किनारे स्थित एक फार्म हाउस में चौकीदार की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया। हैरत की बात यह है कि वारदात बीबीपुर पुलिस चौकी से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई। अज्ञात हमलावरों ने चौकीदार के चेहरे को ईंट-पत्थरों से इस कदर कुचल दिया कि देखने वालों की रूह कांप उठी।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय हुसनपाल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से उक्त फार्म हाउस में चौकीदारी का कार्य कर रहे थे। गुरुवार सुबह जब फार्म हाउस पर लोग पहुंचे तो हुसनपाल का शव कमरे के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ प्रतीत हो रहा है कि हमलावरों ने उन्हें बेहद क्रूरता से मौत के घाट उतारा।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जांच में जुट गई है।
उधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी कविता ने बताया कि उनके पति बेहद सीधे-साधे और मेहनती व्यक्ति थे, जो फार्म हाउस में चौकीदारी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने बताया कि बुधवार रात से ही हुसनपाल का फोन नहीं मिल रहा था, जिसके बाद गुरुवार सुबह यह दर्दनाक खबर मिली। उन्होंने प्रशासन से मामले में न्याय दिलाने और हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
घटना से ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। रोबिन चौधरी, मांगेराम समेत कई ग्रामीणों ने हुसनपाल को ईमानदार और मेहनती व्यक्ति बताते हुए हत्या की इस बर्बर वारदात की कड़ी निंदा की है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने करीब इस तरह की वारदात होना कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गहन जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *