रिपोर्ट -एकरार खान


यूपीड़ा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) ने घने कोहरे और कम दृश्यता को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। प्राधिकरण ने बताया कि कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
एडवाइजरी के अनुसार, ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को निकटतम वे-साइड अमेनिटी, टोल प्लाजा या पेट्रोल पंप पर वाहन रोककर दृश्यता सामान्य होने पर ही यात्रा शुरू करनी चाहिए। 19 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक एक्सप्रेसवे पर निर्धारित अधिकतम गति सीमा में अस्थायी रूप से कटौती की गई है। अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए दिन और रात के समय अलग गति सीमा तय की गई है।
यात्रियों को काफिले (कन्वॉय) में यात्रा करने, सभी वाहनों में इमरजेंसी इंडिकेटर लाइट जलाकर चलने तथा आगे-पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, चिन्हित स्थानों के अलावा एक्सप्रेसवे या उसके किनारे वाहन पार्क न करने की हिदायत दी गई है।
किसी भी आपात स्थिति में यात्री यूपीड़ा के हेल्पलाइन नंबर 14449 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राधिकरण ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा में सहयोग दें।
