SSP ऑफिस में आत्मदाह का प्रयास: पति की प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने लगाई गुहार

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र की एक विवाहिता घरेलू प्रताड़ना, अवैध हथियार से धमकी और दहेज की मांग से इतने अधिक दुखी हो गई कि गुरुवार को उसने SSP कार्यालय के सामने ही पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास कर डाला। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए महिला को किसी तरह रोक लिया, जिससे एक बड़ी घटना होने से बच गई।

करीब 28 वर्षीय सोनी उर्फ ईरम, पत्नी आजाद उर्फ सब्बू, निवासी करहेड़ी मोहल्ला कलालान, SSP परिसर में रोते हुए पहुंची और वहीं मौखिक व लिखित शिकायत सौंपी। उसने बताया कि उसका पति रोज शराब पीकर मारपीट करता है और मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाता है। विरोध करने पर गाली-गलौज के साथ बुरी तरह पिटाई करता है।

विवाहिता ने कहा कि उसके भाई आदिल ने कई बार लाखों रुपये पति को दिए, लेकिन इसके बाद भी पति का व्यवहार और अधिक हिंसक होता गया। आरोप है कि आजाद उर्फ सब्बू अवैध हथियार दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी देता है। ससुराल वाले भी हमेशा उसके साथ खड़े रहते हैं, कोई उसे नहीं रोकता। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके लगभग 10 तोले सोने के जेवर पति बेच चुका है।

महिला के अनुसार, घटना से दो दिन पहले यानी 19 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे फिर पति ने मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाया। उसने बताया कि 24 अक्टूबर को भाई की शादी हुई है, कुछ समय बाद पैसे दे दिए जाएंगे। इस पर पति आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करते हुए अवैध हथियार से जान से मारने की कोशिश की। घबराकर वह किसी तरह घर से भागकर सीधे SSP ऑफिस पहुंची और आत्मदाह की कोशिश कर बैठी।

सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने महिला को समझाकर शांत कराया। उसकी शिकायत के आधार पर थाना भोपा पुलिस को विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने महिला को सुरक्षा का भरोसा दिया और मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है और पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *