राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने भी किया विरोध,
रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी (एडवोकेट) ने मंगलवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चुनाव आयोग द्वारा संचालित SIR कार्यक्रम में फैली भारी अव्यवस्थाओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया और कई तरह की खामियां गिनाते हुए प्रशासन से इसमें सुधार करने की मांग की।
जिया चौधरी ने कहा कि जिले के अधिकांश क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि BLO घर–घर नहीं जा रहे, मतदाताओं तक फ़ॉर्म नहीं पहुंच पा रहे और कई लोग SIR प्रक्रिया से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं। उन्होंने बताया कि अब तक केवल 50 प्रतिशत फ़ॉर्म ही वितरित हो पाए हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि आयोग की गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक मतदाता को दो फ़ॉर्म देने थे, जबकि BLO एक ही फ़ॉर्म दे रहे हैं, जिससे जनमानस में गहरा भ्रम फैल रहा है। इतना ही नहीं, गाइडलाइन में दस्तावेज़ की कोई अनिवार्यता नहीं होने के बावजूद कई BLO मतदाताओं पर दस्तावेज़ लगाने का दबाव डाल रहे हैं, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
चौधरी ने बताया कि जिले में SIR प्रक्रिया को लेकर अभी तक कोई व्यापक जागरूकता अभियान नहीं चलाया गया है, जिसके कारण ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग असमंजस में हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन कस्बों और प्रमुख गांवों में विशेष कैम्प लगाए ताकि हर मतदाता समय रहते प्रक्रिया पूरी कर सके।
डीएम से मुलाकात — मिला तत्काल आश्वासन
सपा का प्रतिनिधिमंडल जब जिलाधिकारी से मिला और उन्हें सभी तथ्यों से अवगत कराया, तो डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिया।
डीएम ने कहा कि —
एसडीएम और सभी BLO को तत्काल निर्देशित किया जाएगा कि वे घर–घर जाएँ।
प्रत्येक मतदाता को SIR प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएँ।
जो भी क्षेत्र फ़ॉर्म वितरण से छूट गए हैं, वहाँ विशेष अभियान चलाकर फ़ॉर्म पहुँचाए जाएँ।
BLO की कार्यप्रणाली की कड़ाई से निगरानी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वयं कहा कि वे इस पूरी प्रक्रिया का निरंतर फीडबैक लेंगे और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
डीएम के इस आश्वासन पर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि सपा सिर्फ समस्या बताने नहीं, बल्कि समाधान सुनिश्चित कराने आई थी, और उम्मीद है कि प्रशासन अब पूरे मन से काम करेगा, ताकि एक भी मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।
राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली की मजबूती के लिए SIR कार्यक्रम का स्वच्छ और पारदर्शी क्रियान्वयन अनिवार्य है। यदि प्रशासन ने वादे के अनुसार कार्य किया तो जिले के लाखों मतदाताओं को राहत मिलेगी।
नगर अध्यक्ष पवन बसमा, आवेन्द्र मौर्य, अविनाश कपिल आदि नेताओं ने भी कहा कि सपा जनता की आवाज़ है और जनता के अधिकारों से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, नगर अध्यक्ष पवन बसमा, आवेन्द्र मौर्य, अविनाश कपिल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
