स्मार्ट मीटर के विरोध में भाकियू अराजनीतिक का धरना प्रदर्शन शुरू

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। स्मार्ट मीटर और बिजली विभाग की चेकिंग के नाम पर हो रहे कथित भ्रष्टाचार और उपभोक्ताओं से अवैध वसूली के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यह धरना 66 केवी बिजलीघर पर यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में शुरू हुआ। भाकियू अराजनीतिक के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग स्मार्ट मीटर लगाने और चेकिंग के नाम पर आम उपभोक्ताओं से जबरन पैसे वसूल रहा है। यूनियन के युवा महानगर अध्यक्ष वसीम खान ने कहा कि प्रदेश भर में तत्काल प्रभाव से स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाई जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि संविदा कर्मियों और लाइनमैनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा उनकी नौकरी को स्थायी किया जाए।

वसीम खान ने आगे कहा कि मीटर रीडर की छुट्टी के नाम पर ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि बिजली विभाग अब आम जनता के बजाय उद्योगपतियों, प्राइवेट कंपनियों और ठेकेदारों के हित में काम कर रहा है।यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार ने जल्द ही स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक नहीं लगाई, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में व्यापक रूप से चलाया जाएगा। धरने में सलीम मेंबर, असद खान, प्रवीण कुमार और मनोज ठाकुर समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *