रिपोर्ट कबीर, मुज़फ्फरनगर


मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पुलिस को ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नशीली दवाओं के कारोबार में संलिप्त वांछित अभियुक्त अनुज कुमार उर्फ भोला सैनी पुत्र सुन्दरपाल सैनी निवासी गली नं. 8, न्याजुपुरा, वार्ड नं. 8, रामलीला टीला, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1200 नशीली गोलियां (Alprazolam Tablets) बरामद की हैं।
थाना सिविल लाइन पुलिस को 24 सितंबर 2025 को ए.एम. मेडिकल स्टोर, कच्ची सड़क मुजफ्फरनगर पर नशे के इंजेक्शन लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी। जांच में सामने आया कि अभियुक्त अनुज कुमार उर्फ भोला सैनी अपने घर और पड़ोसी सुमित के घर पर बिना वैध औषधि लाइसेंस के अवैध रूप से नशीली दवाओं का भंडारण कर रहा था।
सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर व सहारनपुर की टीम तथा थाना सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संबंधित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया था कि वे नशीली दवाएं अनुज उर्फ भोला सैनी से खरीदते हैं।
आज दिनांक 22 अक्टूबर 2025 को थाना सिविल लाइन पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त को मॉल रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 1200 Alprazolam टैबलेट बरामद की गईं।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पुलिस लगातार ऐसे मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। समाज में नशे के दुष्प्रभावों को रोकने के लिए पुलिस की विशेष टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
