रामपुर से शारिक खान की रिपोर्ट
रामपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना रहा।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन में जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या की देखरेख में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा प्राथमिक विद्यालय ज्वाला नगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों और दंड की जानकारी भी दी गई।
बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक करते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी गलत गतिविधि का विरोध करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई और बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में कैसे मदद प्राप्त की जा सकती है।
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना की जानकारी भी छात्राओं और अभिभावकों को दी गई। इसके अलावा विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर ज्योति शर्मा, जेंडर स्पेशलिस्ट अंजू शर्मा, जेंडर स्पेशलिस्ट निदा जैदी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
