मुजफ्फरनगर | ब्यूरो: कबीर
मुजफ्फरनगर की थाना नई मंडी पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के मुताबिक 7 मई को पीड़िता के परिजनों ने थाना नई मंडी में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि एक युवक उनकी बहन को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसे अपने कब्जे में रखा हुआ है। शिकायत में धर्म परिवर्तन कराने की आशंका भी जताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी समीर खान पुत्र दिलशाद निवासी तारापुरी, अबरार नगर थाना ब्रह्मपुरी जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया है और उसे परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 87 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गनेश शर्मा, हेड कांस्टेबल प्रवेश कुमार और कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
