अंबेडकर जयंती पर सपा का शक्ति प्रदर्शन, संविधान और आरक्षण की रक्षा का लिया संकल्प

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। अखिलेश यादव के प्रदेशव्यापी आह्वान पर समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को जनपद में अंबेडकर जयंती को शक्ति प्रदर्शन और सामाजिक एकजुटता के संदेश के रूप में मनाया। सपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संविधान और आरक्षण की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने की, जबकि मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा और महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान बाबा साहब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर कार्यकर्ताओं ने “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा साहब तेरा नाम रहेगा” और “संविधान, आरक्षण बचाने को, पीडीए समाज एकजुट हो” जैसे नारों से माहौल को जोश से भर दिया।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संविधान की मूल भावना को बचाने और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें। साथ ही उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व के मार्गदर्शन में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को संगठित कर आगामी चुनावों में मजबूत सरकार बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने बताया कि पार्टी के निर्देश पर जिले की सभी छह विधानसभाओं में सेक्टर स्तर तक अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर, विनय पाल, जिला महासचिव सोमपाल सिंह कोरी, उपाध्यक्ष आमिर कासिम एडवोकेट, मीडिया प्रभारी साजिद हसन, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नीटू, तहसीन मंसूरी, बसंत धारिया, दर्शन सिंह धनगर समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *