अवैध तमंचे के साथ शातिर दबोचा, चेकिंग में खालापार पुलिस की बड़ी कामयाबी

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत खालापार थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
चलाए जा रहे नियमित चेकिंग अभियान के दौरान उ0नि0 असगर अली, हैड कांस्टेबल मौ0 वकार और कांस्टेबल यश कुमार संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गहराबाग स्थित निबंधन विभाग के पुराने रिकॉर्ड रूम के पास एक संदिग्ध युवक नजर आया, जो पुलिस को देखते ही तेजी से मुड़कर जाने लगा। पुलिस को शक होने पर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नकुल कुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी मोहल्ला तालाब वाला मंदिर, कस्बा व थाना छपार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जब उससे लाइसेंस के बारे में पूछा गया तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। आरोपी ने बताया कि यह तमंचा उसके दादा का था, जो उनकी मृत्यु के बाद घर में रखा था और वह इसे लेकर सूजडू की तरफ जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना खालापार में मु0अ0सं0 57/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *