रिपोर्ट – अभिषेक कुमार

चन्दौली। चन्दौली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ बाराबंकी के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पड़ाव चौराहे के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई, जिनके पास मौजूद सब्जी के झोले से 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगाराम वर्मा पुत्र स्व. सूरज लाल और नीरज वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा, दोनों निवासी ग्राम नेउला, थाना मसौली, जिला बाराबंकी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाराबंकी से एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर यह खेप लेकर आए थे और पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को देने वाले थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन, ₹240 नकद और एक सब्जी का झोला बरामद किया है। आरोपियों में से एक गंगाराम वर्मा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

