गाजीपुर में 10 स्थानों पर विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

Spread the love

रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार, 12 अप्रैल 2026 को जिले की 10 विभिन्न सेवा बस्तियों में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन (NMO) इकाई, गाजीपुर मेडिकल कॉलेज द्वारा सेवा भारती के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर NMO इकाई के अध्यक्ष प्रो. धनंजय सिंह ने बताया कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक साथ 10 प्रमुख सेवा बस्तियों में शिविर लगाए गए।

शिविर का संचालन मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. सत्येंद्र पाल, डॉ. चंद्रमौली मिश्रा, डॉ. मनोज बिंद, डॉ. भानु पांडे, डॉ. अमित यादव एवं डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में किया गया।
उन्होंने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ-साथ सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट, इंटर्न और एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर में आने वाले सभी लाभार्थियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार मुफ्त दवाइयों का वितरण भी किया गया। जिन मरीजों में गंभीर बीमारी के लक्षण पाए गए, उन्हें अगले दिन मेडिकल कॉलेज में विस्तृत जांच और परामर्श के लिए आने की सलाह दी गई।


मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा, जो NMO इकाई के संरक्षक भी हैं, ने स्वयं विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस जनसेवा पहल के लिए NMO इकाई, सेवा भारती और सभी चिकित्सकों, रेजिडेंट्स व छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
यह स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *