मुकदमे वापसी की मांग तेज, सीएम से मिलेगा संयुक्त हिंदू मोर्चा प्रतिनिधिमंडल

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज पुराने मुकदमों की वापसी की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। इसी मुद्दे को लेकर संयुक्त हिंदू मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद आगमन पर उनसे मुलाकात कर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाएगा।
कंबल वाली गली स्थित संपर्क कार्यालय पर आयोजित बैठक में मोर्चा अध्यक्ष मनोज सैनी ने साफ कहा कि सपा-बसपा शासनकाल में विभिन्न आंदोलनों के दौरान शिवसेना समेत कई हिंदू संगठनों और भाजपा के कार्यकर्ताओं पर दर्जनों मुकदमे दर्ज किए गए थे, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार के लगभग दस वर्ष पूरे होने के बावजूद इन मुकदमों की वापसी को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारें जहां अपने पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमे वापस लेने में तत्पर रहती थीं, वहीं वर्तमान में सरकार के समर्थक कार्यकर्ता ही पुलिस प्रशासन के कथित दुर्व्यवहार का सामना कर रहे हैं। मनोज सैनी ने कहा कि लगातार हो रही इस कार्रवाई से कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है, जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
बैठक में यह मुद्दा भी जोरशोर से उठा कि जनपद में सरकारी भूमि पर कई अवैध पीर स्थापित हैं, जिन पर प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इन पीरों का दायरा लगातार बढ़ रहा है और कई बार शिकायत के बावजूद अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला बड़ा विवाद खड़ा कर सकता है।
मोर्चा ने निर्णय लिया कि इन सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा जाएगा और शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी। बैठक में डॉ. योगेंद्र शर्मा, लोकेश सैनी, अखिलेश जाटव, शैंकी शर्मा, गीता गुर्जर, गीता ठाकुर, शालिनी शर्मा और रीना जैन सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *