रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 अप्रैल 2026 को करीब 1:15 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम हैदरनगर जाने वाले मार्ग पर एक स्कूल बस और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मोटरसाइकिल पर चार लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे महिपाल (45) पुत्र प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके दो मासूम बच्चे—अभी (8) और राधिका (12) भी इस हादसे का शिकार हो गए और उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में महिपाल की पत्नी पूनम (45) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल ग्राम हैदरनगर, जलालपुर थाना तितावी के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से हर आंख नम है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

