रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर (मोरना)। माता अनसूया धाम शुक्रतीर्थ में बुधवार को विश्व हिंदू महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने संगठन की ताकत का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर खुलकर मंथन किया। बैठक के दौरान ‘वंदे मातरम चौक’ नामकरण का प्रस्ताव जोर-शोर से उठा, जिसे लेकर प्रदेश स्तर पर व्यापक अभियान चलाने की रणनीति भी तैयार की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री दिग्विजय सिंह राणा ने किया। बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि भिखारी प्रजापति ने संत शिरोमणि रविदास महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
अपने संबोधन में भिखारी प्रजापति ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक प्रमुख चौराहे का नाम ‘वंदे मातरम चौक’ रखा जाना चाहिए, जिससे राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूती मिले। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर जल्द ही जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे और संगठन स्तर पर इसकी लगातार समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पूर्व में ज्ञापन भेजा जा चुका है। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सामाजिक सरोकारों को बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिसमें मातृशक्ति की भी प्रभावशाली भागीदारी देखने को मिली।
इस मौके पर राजेश शर्मा (जिलाध्यक्ष), मनोज कौशिक, एडवोकेट गुलाब सिंह, व्योम शर्मा, सुनील धनगर, डॉ. रक्षित पाल, अनिल भारद्वाज, ओमबीर पाल, प्रदीप पाल, कृष्णपाल खटीक, विकास राज, राहुल कुमार, गौरव कुमार, विजय धीमान, राजकुमार शर्मा, बबिता सैनी, संगीता पाल, निशा सैनी, ओमवती, पूजा शर्मा, शिखा पाल, मंजू सैनी, सुमन कश्यप, अनु, आशा प्रजापति, शशि कश्यप, कमलेश पाल, दीपा शर्मा, महिमा कश्यप एवं सरोज देवी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

