रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले के थाना शाहपुर क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर गौकश को पुलिस ने घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश धराशायी हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना शाहपुर पुलिस टीम कसेरवा नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर तेज कदमों से भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका और पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायर झोंक दिया।
गनीमत रही कि पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करता रहा और जंगल की ओर भागने लगा। खुद को बचाते हुए पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा।
घायल बदमाश की पहचान साजिद उर्फ भूटानी पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी रसूलपुर दभेड़ी, थाना बुढाना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर गौकश है, जिसके खिलाफ मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में गौवध, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे संगीन धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना शाहपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
थानाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

