जनता दर्शन में डीएम की संवेदनशीलताः गंभीर मरीज को 1.44 लाख की संजीवनी, दुर्घटनाग्रस्त के पास खुद पहुंचकर दिया आयुष्मान कार्ड

Spread the love

पीएम मुद्रा योजना के तहत युवा को 30 हजार का चेक, दिव्यांग को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

अधिकारियों को दो टूक-गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में हो हर शिकायत का निस्तारण, इलाज के अभाव में न भटके कोई गरीब

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन केवल शिकायतों का मंच नहीं, बल्कि त्वरित राहत का जरिया बन गया। जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी ने फरियादियों की समस्याएं सुनने के साथ ही मौके पर ही उनका समाधान भी सुनिश्चित किया। इस दौरान जहां गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक मरीज को इलाज के लिए 1.44 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, वहीं एक युवा को स्वरोजगार के लिए 30 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। प्रशासन का सबसे मानवीय चेहरा तब नजर आया जब दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को डीएम ने स्वयं बाहर जाकर आयुष्मान कार्ड सौंपा। इसके अलावा एक दिव्यांग को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल देकर आत्मनिर्भरता की राह दिखाई गई

आरोग्य निधि से मिली 1.44 लाख की संजीवनी

धन के अभाव में किसी गरीब का इलाज न रुके, शासन की इस मंशा को धरातल पर उतारते हुए जिलाधिकारी ने तहसील सदर के ग्राम लालपुर पट्टी खुर्द निवासी भारत सिंह को आरोग्य निधि के तहत 1.44 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। भारत सिंह का इलाज लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में चल रहा है और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके परिजनों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी। इस त्वरित सहायता से मरीज के परिजनों को बड़ी राहत मिली है।

घायल के पास खुद पहुंचे डीएम, सौंपा आयुष्मान कार्ड

जनता दर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तत्परता दिखाई गई। तहसील मिलक के ग्राम चिचौली निवासी दिलीप कुमार को उनके निःशुल्क उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। इसी दौरान एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल यासीन का मामला जब जिलाधिकारी के सामने आया, तो वे खुद बाहर आए और घायल को आयुष्मान कार्ड सौंपते हुए उनके बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने डीएम की इस संवेदनशील पहल की जमकर सराहना की।

स्वरोजगार को 30 हजार की उड़ान

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की मुहिम के तहत चीनी मिल निवासी राधा रोड के नितिन को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपये का चेक दिया गया। जिलाधिकारी ने लाभार्थी का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह इस धनराशि का सदुपयोग कर अपना व्यवसाय स्थापित करें। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को स्वरोजगार योजनाओं के दायरे में लाया जाए।

मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल से आसान हुई डगर

दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के लिए भी अहम कदम उठाया गया। जनता दर्शन में आए दिव्यांग राम सागर मिश्रा को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल भेंट की गई। इस मदद से अब उनकी दैनिक दिनचर्या पहले से कहीं अधिक आसान हो सकेगी और वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपने कार्य कर सकेंगे।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया कि जनता दर्शन आमजन की समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसमें प्राप्त शिकायतों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना ही प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है, इसलिए सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *