रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना खालापार परिसर में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं को आमंत्रित कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के साधनों से अवगत कराना रहा।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 102 व 108 (स्वास्थ्य सेवाएं) तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या आपात स्थिति में महिलाएं इन नंबरों का निःसंकोच उपयोग कर सकती हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बैंकिंग करस्पॉन्डेंट सखी योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

