रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नवरात्र पर्व के बीच महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक बार फिर सख्ती और संवेदनशीलता का संदेश दिया है। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने शहर के व्यस्त बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया।
रविवार को थाना सिविल लाइन और नई मंडी क्षेत्र के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में निकली इस गश्त के दौरान आमजन में पुलिस की सक्रियता साफ दिखाई दी। क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा और महिला थाना प्रभारी संगीता डागर सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने बाजारों में मौजूद महिलाओं और बालिकाओं से सीधे संवाद कर उन्हें जागरूक किया और हर परिस्थिति में पुलिस के तत्पर रहने का भरोसा दिलाया।
गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध ने दुर्गा मंदिरों और लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और वहां मौजूद महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए हाल ही में मिली आधुनिक होंडा सीबी 350 मोटरसाइकिलों को भी गश्त में शामिल किया गया, जिससे त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस की इस पहल से न सिर्फ महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि शहर में सुरक्षा का सकारात्मक माहौल भी देखने को मिला है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति के तहत इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

