रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। मनिहारी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा सरौली उर्फ पहेतिया में विकास कार्यों में अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में कराए जा रहे इंटरलॉकिंग कार्य में कथित तौर पर भारी भ्रष्टाचार की शिकायतें उठ रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इंटरलॉकिंग बिछाने से पहले आवश्यक मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। बिना बालू और ईंट की गिट्टी की मजबूत बेस तैयार किए ही सीधे इंटरलॉकिंग ईंटें बिछाई जा रही हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह किया गया कार्य न केवल मानकों के विपरीत है, बल्कि यह कुछ ही समय में उखड़कर खराब भी हो सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान की देखरेख में यह कार्य कराया जा रहा है, लेकिन गुणवत्ता की अनदेखी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह निर्माण कार्य पूरी तरह बेकार साबित होगा और सरकारी धन की बर्बादी होगी।
मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता।इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी मुकेश सिंह से बातचीत करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं उठा ।

