रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की जानसठ तहसील में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासनिक सख्ती और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और उप जिलाधिकारी जानसठ राजकुमार ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश जारी किए।
समाधान दिवस में पहुंचे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रार्थना पत्रों की मौके पर जाकर जांच करें और शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के संकेत भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता बेहद जरूरी है, इसलिए ऐसी शिकायतों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा समाधान दिवस में मौजूद लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने आमजन को सतर्क रहने, अनजान कॉल और लिंक से दूरी बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जिनकी समस्याओं को सुनते हुए अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान किया जाएगा।

