रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को चोरी की बाइक और स्कूटी समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को कृष्णापुरी निवासी अक्षत जैन की सफेद एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई थी, जबकि 19 मार्च को जिला चिकित्सालय में कार्यरत चालक अशोक कुमार की स्प्लेंडर बाइक भी अज्ञात चोर उड़ा ले गए थे। दोनों घटनाओं में कोतवाली नगर थाने पर मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 मार्च को मुखबिर की सूचना पर शाहबुद्दीनपुर रोड स्थित डबल टंकी के पास से नईम पुत्र शहीद निवासी रथेडी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने काली नदी पुल के पास शहीद मूर्ति के समीप गड्ढे से चोरी की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली। इस खुलासे के बाद आरोपी की संलिप्तता कई अन्य चोरी की वारदातों में भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और संबंधित धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि उजागर होती है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।
कोतवाली नगर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से साफ है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

