रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जोश और दमखम देखने लायक रहा। चार दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं के चौथे दिन बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया।
खेल निदेशालय लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ के सचिव रामपाल सिंह ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रमुख शाहपुर ब्लॉक अनुज एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी कुमारी अनु ने शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रैकसूट और खेल सामग्री देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के दौरान जूनियर बालिका वर्ग में रसूलपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि काकड़ा की टीम उपविजेता रही। वहीं जूनियर बालक वर्ग में बीजोपुरा की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की और मुजफ्फरनगर स्टेडियम की टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
कार्यक्रम में प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव और उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, वरिष्ठ खिलाड़ियों और निर्णायकों को बैज लगाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अंशकालिक प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, मनीष शर्मा, सुशील कुमार, बालिंदर सिंह, शमशाद, गौरव और कमल समेत कई खेल प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के राजीव कुमार द्वारा किया गया। पूरे आयोजन में खिलाड़ियों का जोश, अनुशासन और खेल भावना देखने को मिली, जिसने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।

