छुरी से हमले के मामले में फरार दो आरोपी दबोचे, एसआई असगर अली की टीम की सख्त कार्रवाई

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। थाना खालापार क्षेत्र में छुरी से हमला कर युवक और उसके मामा को घायल करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई को उपनिरीक्षक असगर अली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले आरोपियों पर शिकंजा कस गया है।

पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को रहमतनगर निवासी हाजी मेहरबान ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसके पुत्र सवाब और उसके मामा इस्तकार पर नदीम, शमीम, कल्लू, तहसीन, सादाब, महताब और समीर समेत अन्य लोगों ने छुरी से हमला कर दिया था। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना खालापार पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

इसी क्रम में 17 मार्च को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक असगर अली, हेड कांस्टेबल वकार, कांस्टेबल यश कुमार और कांस्टेबल छोटेलाल की टीम ने मेरठ रोड स्थित एसबीआई बैंक के पास से दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर पुत्र अखलाक (26 वर्ष) और महताब पुत्र अखलाक (30 वर्ष) निवासी रहमतनगर, थाना खालापार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *