Homeराष्ट्रीयगर्भवती बहू को अस्पताल ले जाते समय पलटा ई-रिक्शा, बुजुर्ग महिला की...

गर्भवती बहू को अस्पताल ले जाते समय पलटा ई-रिक्शा, बुजुर्ग महिला की मौत

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ई-रिक्शा पलटने से 58 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी छह माह की गर्भवती बहू और 12 वर्षीय पोती घायल हो गईं। परिवार गर्भवती महिला को रूटीन जांच के लिए अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम परसोली निवासी फुल्लो देवी (58) अपने पति बालकिशन के साथ रहती थीं। सोमवार को वह अपनी छह माह की गर्भवती बहू अंजू और 12 वर्षीय पोती ज्योति के साथ बुढ़ाना के सरकारी अस्पताल जा रही थीं। अंजू का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण होना था, इसलिए परिवार ई-रिक्शा से अस्पताल के लिए निकला था।
बताया गया है कि जब ई-रिक्शा जौला गांव के पास पहुंचा, तभी वह अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में फुल्लो देवी को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
हादसे में गर्भवती अंजू को भी गंभीर चोटें आई हैं। विशेष रूप से उनके पेट में चोट लगने के कारण हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। वहीं, 12 वर्षीय ज्योति को भी चोटें आई हैं, जिसका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
परिवार के सदस्य वीर सिंह ने बताया कि यह एक दुर्घटना है और परिजन किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि शव को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के उन्हें सौंप दिया जाए, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
गढ़ी चौकी प्रभारी ने बताया कि ई-रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलटने से यह हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। इसलिए पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments