रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बहुजन नायक कांशीराम जयंती को रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय मुजफ्फरनगर पर “बहुजन समाज दिवस” व “पीडीए दिवस” के रूप में भव्य आयोजन के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बहुजन नायक कांशीराम के संघर्ष, विचारों और सामाजिक न्याय के मिशन को याद करते हुए पीडीए की एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने की, जबकि संचालन साजिद हसन और पवन बंसल ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत बहुजन नायक कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान कार्यालय परिसर “जब तक सूरज चांद रहेगा, कांशीराम जी का नाम रहेगा” के नारों से गूंज उठा और पूरे आयोजन में सामाजिक बराबरी, हिस्सेदारी और संविधान बचाने का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने कहा कि दलितों, वंचितों, पिछड़ों और शोषित समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए कांशीराम ने जो ऐतिहासिक संघर्ष किया, समाजवादी पार्टी उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी का हर कार्यकर्ता बहुजन समाज की आवाज को बुलंद करने और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व सांसद कादिर राणा ने अपने संबोधन में वर्ष 1993 के राजनीतिक दौर को याद करते हुए नेताजी मुलायम सिंह यादव और बहुजन नायक कांशीराम के ऐतिहासिक गठबंधन को सामाजिक न्याय की राजनीति का बड़ा पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आज भी बहुजन समाज, पिछड़ों, दलितों और वंचितों की सच्ची आवाज बनकर खड़ी है। पीडीए की अवधारणा केवल एक राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि सामाजिक भागीदारी और सम्मान की मजबूत बुनियाद है।
चरथावल विधानसभा से सपा विधायक पंकज मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह के विचारों के साथ-साथ कांशीराम के बराबरी और हिस्सेदारी के मिशन को भी मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी पर जुल्म होगा, समाजवादी पार्टी विधानसभा से लेकर सड़क तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जातीय और धार्मिक नफरत फैलाने की राजनीति से समाज का भला नहीं हो सकता और सभी वर्गों को एकजुट होकर सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को मजबूत करना होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, वरिष्ठ सपा नेता व जिला बार संघ अध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट, प्रदेश सचिव विनय पाल, नौशाद अली, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्यामलाल बच्ची सैनी और पूर्व मंत्री महेश बंसल ने कहा कि संविधान, आरक्षण और पीडीए की हिस्सेदारी बचाने की असली लड़ाई समाजवादी पार्टी ही लड़ रही है। वक्ताओं ने कहा कि बहुजन नायक कांशीराम के मिशन को सच्चे अर्थों में आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी महिला सभा जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर ने कांशीराम जयंती पर पहुंचे लोगों को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की। वहीं डॉ. मोनिका सिंह निवासी ग्राम पछेंदा कला ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होने की घोषणा कर आयोजन को और अधिक राजनीतिक महत्व दे दिया। दूसरी ओर सपा नेता लोकेंद्र कुमार अपने पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों समर्थकों के साथ पैदल पहुंचकर कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए नारेबाजी में शामिल हुए।
कार्यक्रम को चौधरी इलम सिंह गुर्जर, हाजी लियाकत, अब्दुल्ला राणा, लतेश विधूड़ी, सत्येंद्र पाल, सतीश गुर्जर, धनवीर कश्यप, सोमपाल सिंह कोरी, नेपाल सिंह एडवोकेट, साजिद हसन, पवन बंसल, धर्मेंद्र सिंह नीटू, पूजा अनिल अंबेडकर, दीप्ति पाल, लोकेंद्र कुमार, डॉ. अविनाश कपिल, दर्शन सिंह धनगर, डॉ. नरेश विश्वकर्मा, चौधरी विकिल गोल्डी अहलावत, बालेंद्र मौर्य, सरदार प्रेमपाल सिंह, शमशेर मलिक, ओमपाल सिंह, सादिक चौहान, अकरम खान, सत्यदेव शर्मा, राव फहीम अहमद, अंकित शर्मा, रामपाल सिंह पाल, वीरेंद्र नागर एडवोकेट और समुद्र सेन समेत अनेक नेताओं ने संबोधित किया।

