रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यालय पर रविवार को एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें आने वाले समय के धार्मिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से 5 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित भगवा रैली की तैयारियों पर मंथन हुआ। पदाधिकारियों ने कहा कि इस रैली में अनेक साधु-संतों के साथ देश के जाने-माने सनातनी विचारधारा से जुड़े लोग शामिल होंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने के लिए फलाहारी महाराज द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन में अखिल भारत हिंदू महासभा और अंतरराष्ट्रीय संत महासभा तन, मन और धन से साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त नहीं करा लिया जाता, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरीश त्यागी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराना ही हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर समाज को एकजुट करने की जरूरत है और फलाहारी महाराज के नेतृत्व को मजबूती देकर इस आंदोलन को निर्णायक दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक मुद्दा नहीं, बल्कि आस्था और स्वाभिमान से जुड़ा विषय है।
प्रदेश अध्यक्ष अरुण चौधरी और जिला अध्यक्ष संदीप मित्तल ने भी बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई बार देश की धार्मिक विरासत पर आघात हुआ और अनेक मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया। अब समय आ गया है कि समाज एकजुट होकर अपने धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए आगे आए। वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संत महासभा जैसे संगठनों को इस दिशा में और मजबूत भूमिका निभानी होगी, ताकि सनातन आस्था से जुड़े मुद्दों पर व्यापक जनजागरण हो सके।
बैठक में संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियान को तेज करने और 5 अप्रैल की भगवा रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए रणनीति भी बनाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसकी सफलता के लिए गांव-गांव और नगर-नगर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना था कि यह आयोजन धार्मिक चेतना, संगठनात्मक एकजुटता और सनातन हितों के समर्थन का बड़ा मंच बनेगा।
बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरीश त्यागी, जिला उपाध्यक्ष अनुज गर्ग, युवा नगर अध्यक्ष योग ठाकुर, विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट बृजभूषण शर्मा, जिला अध्यक्ष संदीप मित्तल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष साक्षी वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

