Homeराष्ट्रीयब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल,

ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल,

मैदान में दिखने लगे संभावित दावेदार

अगर सीट सामान्य हुई तो मुकाबला रोचक होने के आसार

रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। पंचायत चुनाव भले ही अभी कुछ समय दूर हो, लेकिन जनपद के मनिहारी ब्लॉक क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। संभावित प्रत्याशियों द्वारा जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाए जाने शुरू हो गए हैं, जिससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म होता दिखाई दे रहा है। गांवों, बाजारों और चौराहों पर लोग संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस बार मनिहारी ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। इनमें पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेन्द्र सिंह मनिहारी, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष मनिहारी एवं मधुबन गांव निवासी राकेश सिंह अंशु तथा नए चेहरे के रूप में रणबीर सिंह का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। क्षेत्र में तीनों संभावित दावेदारों को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेन्द्र सिंह क्षेत्र की राजनीति के अनुभवी नेता माने जाते हैं। लंबे समय से सक्रिय राजनीति में रहने के कारण उनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ बताई जाती है। समर्थकों का मानना है कि उनके अनुभव और पुराने राजनीतिक नेटवर्क के चलते वे किसी भी समय चुनावी समीकरण बदलने की क्षमता रखते हैं।
वहीं ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष राकेश सिंह अंशु की बात करें तो हाल के वर्षों में उनकी सक्रियता क्षेत्र में काफी बढ़ी है। विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क के माध्यम से उन्होंने लोगों के बीच अपनी पहचान बनाने की कोशिश की है। इसी वजह से उन्हें भी संभावित मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है।
इसके अलावा इस चुनावी चर्चा में रणबीर सिंह का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि उन्हें अभी क्षेत्र की राजनीति में अपेक्षाकृत नया चेहरा माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि वे जनता के बीच कितनी मजबूत पकड़ बना पाते हैं।
फिलहाल मनिहारी ब्लॉक क्षेत्र में संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। यदि इस बार ब्लॉक प्रमुख की सीट सामान्य घोषित होती है तो मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है। जैसे-जैसे पंचायत चुनाव नजदीक आएंगे, वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। वहीं क्षेत्र की जनता भी इस बात को लेकर उत्सुक है कि आखिर इस बार ब्लॉक प्रमुख के चुनावी रण में कौन-कौन नेता खुलकर मैदान में उतरता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments