Headlines

तिताबी थाना क्षेत्र के नसीरपुर मारपीट प्रकरण में बड़ा मोड़: सिसौली में बनी सहमति, 14 मार्च की दोनों पंचायतें रद्द

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। तिताबी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में हुए मारपीट प्रकरण को लेकर पिछले कई दिनों से सुलग रहे विवाद में बुधवार को बड़ा मोड़ आ गया। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव और 14 मार्च को प्रस्तावित दो अलग-अलग पंचायतों की घोषणा के बीच सिसौली में चली लंबी बातचीत के बाद मामला शांत हो गया। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने दोनों पक्षों की सहमति से 14 मार्च को होने वाली पंचायत को निरस्त करने की घोषणा कर दी।
दरअसल तिताबी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूर्ण सिंह के साथ हुए मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठाकुर पूर्ण सिंह के भाई, बेटे और ड्राइवर को गंभीर धाराओं में जेल भेज दिया था। इसी कार्रवाई के विरोध में ठाकुर पूर्ण सिंह ने 14 मार्च को महापंचायत बुलाने का ऐलान कर दिया था।
उधर कश्यप समाज की ओर से भी उसी दिन पंचायत करने की घोषणा कर दी गई थी। दोनों तरफ से पंचायत की घोषणा के बाद जनपद का माहौल गरमाने लगा था और विभिन्न किसान संगठनों व सामाजिक नेताओं का जमावड़ा ठाकुर पूर्ण सिंह के यहां लगने लगा था। हालात को देखते हुए क्षेत्र में टकराव की आशंका भी जताई जा रही थी।
मामले को बढ़ता देख क्षेत्रीय सांसद हरेंद्र मलिक और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने पहल करते हुए दोनों पक्षों को सिसौली बुलाया। यहां कई दौर की बातचीत के बाद आपसी सहमति बन गई और विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करने पर सहमति बन गई।
बैठक के बाद नरेश टिकैत ने ऐलान किया कि जब दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं तो 14 मार्च को प्रस्तावित पंचायत की कोई आवश्यकता नहीं रह गई है, इसलिए पंचायत को निरस्त किया जाता है। इस घोषणा के बाद क्षेत्र में संभावित टकराव की स्थिति भी टल गई और इलाके में राहत का माहौल देखा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते बातचीत के जरिए विवाद सुलझ जाने से बड़ा टकराव टल गया और गांव में शांति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *