रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर क्रांति सेना महिला मोर्चा की ओर से प्रकाश चौक स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं पूनम चौधरी ने की, जबकि संचालन शिवसेना के जिलाध्यक्ष बिट्टू सीखेड़ा ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि घर, समाज और देश—हर जगह महिलाओं की भागीदारी के बिना विकास अधूरा है। इसलिए महिलाओं को आगे बढ़कर हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभानी चाहिए और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा ने नारी शक्ति पर आधारित एक प्रेरणादायक कविता सुनाई, जिसने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं का मन मोह लिया। कविता के माध्यम से उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ने, बेटियों को अच्छी शिक्षा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष पूनम चाहल ने कहा कि आज महिलाएं देश की उन्नति में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि जो महिला स्वयं अपनी रक्षा करना सीखती है, उसकी रक्षा समाज और ईश्वर भी करते हैं। इसलिए महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिंदू शक्ति संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सरिता शर्मा अरोड़ा, गीता ठाकुर और सुनीता अग्रवाल मौजूद रहीं। इसके अलावा रिया जैन, क्रांति सेना महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष पूनम चाहल, मिथिलेश गिरी, निधि शर्मा, अनोखी दुबे, मोनिका प्रजापति, सविता गौतम, सुशीला, सीमा और पूजा समेत सैकड़ों महिलाएं कार्यक्रम में शामिल रहीं।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एकजुट होकर समाज में नारी सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

