किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह, बोले– बच्चों को अपराधी बनाकर किया जा रहा बदनाम; 14 मार्च को नसीरपुर में ऐतिहासिक महापंचायत

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर



मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर में किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने प्रेस वार्ता कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गांव के एक विवाद को राजनीतिक षड्यंत्र बनाकर उनके परिवार और संगठन को बदनाम किया जा रहा है। साथ ही 14 मार्च को तितावी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में एक बड़ी महापंचायत बुलाने का ऐलान किया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि तितावी थाना क्षेत्र में हुए एक विवाद को लेकर प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उनके परिवार और समर्थकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बच्चों की तस्वीरें इस तरह वायरल की जा रही हैं, जैसे वे कोई बड़े अपराधी हों, जबकि सच यह है कि अपने बच्चों को वह खुद थाने लेकर गए थे।


ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि उनके घर पर आकर झगड़ा किया गया, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है और वह फुटेज भी उन्होंने खुद पुलिस को उपलब्ध कराई है। इसके बावजूद पुलिस ने उनके भाई, भतीजे, बेटे और यहां तक कि उनके ड्राइवर तक का नाम मुकदमे में डाल दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ धारा 307 जैसे गंभीर आरोप में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है, जिसे उन्होंने पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि अगर कोई घटना हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन अगर इस तरह आवाज दबाने की कोशिश की जाएगी तो किसान और मजदूर चुप नहीं बैठेंगे।
किसान नेता ने साफ शब्दों में कहा कि किसान और मजदूरों के सम्मान की लड़ाई में उनका संगठन हमेशा खड़ा रहेगा और किसी भी दबाव में पीछे हटने वाला नहीं है।
इसी के साथ उन्होंने घोषणा की कि 14 मार्च को तितावी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता, कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह महापंचायत किसानों और मजदूरों के सम्मान की लड़ाई का बड़ा मंच बनेगी और ऐतिहासिक साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *