Homeराष्ट्रीयईरान संकट पर मुज़फ्फरनगर अलर्ट: कलेक्ट्रेट में बना इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर, 24...

ईरान संकट पर मुज़फ्फरनगर अलर्ट: कलेक्ट्रेट में बना इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर, 24 घंटे हेल्पलाइन सक्रिय

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पश्चिम एशिया में गहराते तनाव और ईरान में बने युद्ध जैसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाया है। जनपद मुजफ्फरनगर से जुड़े उन नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए, जो ईरान या अन्य प्रभावित देशों में मौजूद हैं, कलेक्ट्रेट परिसर में तत्काल प्रभाव से इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि हालात चाहे जैसे हों, किसी भी नागरिक को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार हेल्पलाइन नंबर 9412210080, 0131-2436918 और राहत टोल फ्री नंबर 1077 को 24 घंटे के लिए सक्रिय कर दिया गया है। इन नंबरों पर परिजन अपने स्वजन की वर्तमान लोकेशन, संपर्क विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी साझा कर सकते हैं, ताकि शासन स्तर पर त्वरित समन्वय स्थापित कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारी लगातार प्राप्त सूचनाओं का संकलन कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों से सीधा समन्वय स्थापित कर राहत व बचाव संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था पूरी तरह सतत निगरानी में संचालित होगी और किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लिया जाएगा।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति या शंका की दशा में केवल अधिकृत हेल्पलाइन नंबरों पर ही संपर्क करें। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments