कादिर राणा चौक पर फूटा गुस्सा: तबलशा रोड पर अवैध कब्जों के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुज़फ्फरनगर।
शहर के कादिर राणा चौक पर उस समय माहौल गर्म हो गया जब समाजसेवी अली जैदी और भारतीय किसान यूनियन अंबावता के जिला अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी के नेतृत्व में किदवई नगर व कृष्णापुरी के सैकड़ों लोग धरने पर बैठ गए। लोगों का आरोप है कि दोनों मोहल्लों को जोड़ने वाले मुख्य तबलशा रोड पर भारी पैमाने पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे आम जनता का निकलना दूभर हो गया है।


स्थानीय निवासियों के अनुसार कुछ प्रभावशाली लोगों ने सड़क की जमीन पर मकान और दुकानों का निर्माण कर लिया है। आरोप है कि कादिर राणा की कोठी सहित करीब पांच मकान सड़क की सीमाओं में आ गए हैं, जिससे रास्ता संकरा होकर जाम का कारण बन रहा है। हालात यह हैं कि दो वाहन आमने-सामने आ जाएं तो निकलना मुश्किल हो जाता है।


यह मार्ग क्षेत्र का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है। इसी सड़क पर शिव मंदिर, मस्जिद और जनैबिया गर्ल्स इंटर कॉलेज स्थित है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु, छात्राएं और स्थानीय नागरिक इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को खासतौर पर परेशानी झेलनी पड़ रही है। आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड तक को निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल बसों की आवाजाही भी बाधित हो रही है, जिससे अभिभावकों में रोष व्याप्त है।
धरने पर बैठे लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदारों ने भी सड़क पर सामान फैलाकर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे सड़क की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दबाव और भय के चलते अब तक कोई खुलकर शिकायत नहीं कर पा रहा था, लेकिन अब हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि जनता को सड़क पर उतरना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जांच कराकर अवैध अतिक्रमण हटाया जाए, सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए और नालों की सफाई कराई जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *