रिपोर्ट विरेंद्र तोमर बागपत


बागपत/मेरठ, में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड से दिल्ली–मेरठ नमो भारत रैपिड रेल के संपूर्ण कॉरिडोर तथा मेरठ मेट्रो (मेरठ साउथ से मोदीपुरम, 21 किमी) का भव्य उद्घाटन/लोकार्पण किया। इसके साथ ही दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किमी लंबे नमो भारत खंड का भी शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री ने शताब्दी नगर स्टेशन से नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक मेट्रो यात्रा की और इस दौरान दिव्यांग बच्चों, स्कूली छात्र-छात्राओं, मेडिकल छात्रों व अन्य यात्रियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम के दौरान देश को समर्पित ऐतिहासिक परियोजनाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बाबा औघड़नाथ की पावन धरती और क्रांतिधरा मेरठ से विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत की नई क्रांति को ऊर्जा मिल रही है। एक ही दिन नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का शुभारंभ भविष्य की कनेक्टिविटी की शानदार झलक है। उन्होंने कहा कि शहर के भीतर मेट्रो और ट्विन सिटी विजन को गति देने वाली नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन विकसित होते भारत की तस्वीर है। अब परियोजनाएं वर्षों तक लटकती नहीं, बल्कि तय समय में पूरी होती हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक बन चुकी है। ट्रेन ऑपरेटर से लेकर स्टेशन कंट्रोल स्टाफ तक अनेक महत्वपूर्ण भूमिकाओं में बेटियां कार्यरत हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार और सुरक्षित, सुविधाजनक यात्रा को यूपी की बदली हुई पहचान बताया।प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले मेट्रो का विस्तार धीमी गति से हो रहा था, जबकि आज देश के 25 से अधिक शहरों में मेट्रो चल रही है और भारत मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश बन चुका है। मेरठ देश का पहला शहर है, जहां एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक से नमो भारत और मेट्रो दोनों चलेंगी। इससे दिल्ली में पढ़ाई, नौकरी और कारोबार के लिए रोजाना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिमी यूपी में एक्सप्रेसवे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट रोजगार और उद्योगों को नई गति दे रहे हैं। एमएसएमई के लिए बजट में 10 हजार करोड़ रुपये के विशेष फंड की घोषणा की गई है। कपड़ा उद्योग, बुनकर समाज, खादी, हैंडलूम और हस्तशिल्प को विश्व बाजार तक पहुंचाने के लिए नई योजनाएं लागू की गई हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत यूपी के किसानों को अब तक लगभग 95 हजार करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, जिसमें मेरठ के किसानों को भी बड़ा लाभ मिला है।प्रधानमंत्री ने कहा कि योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश का बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बन रहा है। सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, नए निवेश और बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स से रोजगार की अपार संभावनाएं सृजित होंगी। उन्होंने दोहराया कि यूपी विकसित होगा तो भारत विकसित होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को नए और आधुनिक भारत का शिल्पी बताया। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर से भारत की ताकत झलकती है। नमो भारत और मेरठ मेट्रो ने दिल्ली–मेरठ की दूरी और समय दोनों को काफी कम कर दिया है। एआई समिट सहित वैश्विक मंचों पर भी प्रधानमंत्री के विजन की सराहना हो रही है।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय व राज्य मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास, कनेक्टिविटी और रोजगार के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
