— ब्यूरो: कबीर
मोबाइल: 9389289821

मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए थाना तितावी पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। हरियाणा के पानीपत जनपद से चोरी गई मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोरी के मामले का खुलासा किया है।
थानाध्यक्ष तितावी के कुशल पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने शनिवार 22 फरवरी 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर लालूखेड़ी से भोराकला जाने वाले मार्ग पर बुडीना कला की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त के कब्जे से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (रजिस्ट्रेशन नंबर HR06AJ6066) बरामद की गई, जो वर्ष 2016 में थाना चांदनीबाग, जिला पानीपत (हरियाणा) में दर्ज मुकदमे से संबंधित पाई गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मौ. वसीम पुत्र मंगता निवासी ग्राम भैसानी, थाना थानाभवन, जनपद शामली के रूप में हुई है। पूछताछ में वाहन के संबंध में संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस संबंध में थाना तितावी पर मु.अ.सं. 47/26 धारा 317(5)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर और इंजन नंबर मिलान करने पर यह वही वाहन निकला, जो 8 सितंबर 2016 को पानीपत में दर्ज मुकदमे में चोरी दर्शाया गया था। लंबे समय से फरार चल रहे इस मामले में यह गिरफ्तारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह और हेड कांस्टेबल आबिद अली शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच कर रही है और उससे अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
जनपद पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक मजबूत संदेश गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
