गंभीर रूप से बीमार भाईजान एवं आतिफ हुसैन को अपने हाथों से सौंपे आयुष्मान कार्ड
रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। जनपद में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम के दौरान पेंशन, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य विभागीय मामलें प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने दूरभाष पर अधिकारियों से वार्ता कर शिकायतों के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शासन की मंशानुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन सुनिश्चित किया जाए।
पूर्व जनता दर्शन के दौरान तहसील स्वार निवासी श्री भाईजान एवं बरेली गेट निवासी श्री आतिफ हुसैन (उम्र लगभग 12 वर्ष), जो गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, अपने परिजनों के साथ जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए थे। उन्होंने उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने दोनों का हालचाल पूछा, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने हाथों से आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। इससे दोनों के उपचार का मार्ग प्रशस्त होगा तथा परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को सुदृढ़ करना है। सभी अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त मामलों का समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। जनपद में सुशासन, पारदर्शिता एवं संवेदनशील प्रशासन की भावना के साथ आमजन की समस्याओं का निरंतर समाधान किया जाता रहेगा।
