Headlines

पुलिस मुठभेड़, तीन पिस्टल सप्लायर गिरफ्तार एक कों लगी गोली

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सोमवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कूटी पर सवार तीन संदिग्ध युवक बुढ़ाना मोड़ से लुहारी रजवाहे की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस ने जब स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी सुहैल के रूप में हुई है। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मुठभेड़ के दौरान दो अन्य बदमाश मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग अभियान चलाकर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान और दानिश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, 19 जिंदा कारतूस, एक दर्जन से अधिक खोखा कारतूस तथा एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार तीनों बदमाश अवैध हथियारों के सप्लायर हैं और उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड तक ऑन डिमांड पिस्टल सप्लाई करते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनसे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *