बुढ़ाना में दर्दनाक हादसा: रिक्शा पलटने से 8 वर्षीय बच्ची की मौत, गांव अलीपुर अटेरना में मातम

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव अलीपुर अटेरना में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सड़क पार करते समय सवारी से भरा एक रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आकर 8 वर्षीय मासूम इनायत पुत्री आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनायत सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार या असंतुलन के चलते रिक्शा पलट गया और बच्ची उसके नीचे दब गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि मासूम इनायत बचपन से ही अपने नाना नवाब के पास रह रही थी। उसकी असमय मौत से ननिहाल ही नहीं, पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गांववासियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *