रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। संविधान समाज को जातियों और वर्गों में बांटने का नहीं, बल्कि बंधुत्व के सूत्र में बांधने का आधार है। प्रत्येक भारतीय की पहचान जाति और समुदाय से ऊपर राष्ट्र के नागरिक के रूप में होनी चाहिए। राष्ट्र के विकास और सामाजिक एकता के लिए सभी को जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर सोचने की जरूरत है। यह विचार इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अनीस कुमार गुप्ता ने संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए।
अधिवक्ता परिषद ब्रज की मुजफ्फरनगर इकाई एवं सिविल बार संघ के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज के न्यायमूर्ति अनीस कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता रहे, जबकि जनपद न्यायाधीश राजीव कमल पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता की।
न्यायमूर्ति अनीस कुमार गुप्ता ने संविधान और बंधुत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान निर्माण के बाद बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सामने भारतीय समाज को बंधुत्व के सूत्र में बांधे रखने की बड़ी चुनौती थी। भारत विविध जातियों और वर्गों वाला समाज है। ऐसे में समाज को जातिगत सीमाओं से ऊपर उठाकर राष्ट्र के विकास के लिए एकजुट करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि समानता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा भी देता है। बंधुत्व की भावना मजबूत होगी तो देश की एकता और विकास को भी मजबूती मिलेगी। दलित, सवर्ण और पिछड़े जैसे वर्गों के आधार पर विभाजन की सोच को समाप्त कर आपसी विश्वास, सम्मान और भाईचारे को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
संविधान के मूल्यों को व्यवहार में उतारने की जरूरत
न्यायमूर्ति ने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों को केवल पढ़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाना होगा। प्रत्येक व्यक्ति को जातिगत और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर देशहित में विचार करना चाहिए। भारतीय समाज में आपसी विश्वास और सम्मान की भावना मजबूत होने से सामाजिक एकता का आधार और सुदृढ़ होगा।
उन्होंने अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों की भूमिका पर कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। न्याय व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिलने का विश्वास होना चाहिए। समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका है। संविधान की भावना के अनुरूप न्याय, समानता और बंधुत्व को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जनपद न्यायाधीश ने भी संविधान के आदर्शों पर दिया जोर
विशिष्ट अतिथि जनपद न्यायाधीश राजीव कमल पाण्डेय ने भारतीय संविधान : बंधुत्व का आधार विषय पर विचार रखते हुए संविधान के मूल आदर्शों और सामाजिक समरसता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने संविधान की भावना को आत्मसात करने और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता परिषद ब्रज की मुजफ्फरनगर इकाई के अध्यक्ष सुनील मित्तल ने की, जबकि संचालन इकाई के महामंत्री सलेक चंद कश्यप ने किया। कार्यक्रम में गौरव गोयल, अरुण कुमार शर्मा, रवि दत्त, जोगेंद्र गोयल, नरेंद्र सिंह प्रजापति, बालकृष्ण शर्मा, श्याम किशोर, आयुषी वर्मा, मानसी शर्मा, रेखा शाही, प्रभा रानी, निशु प्रजापति, सुनीता रावत, अमित वर्मा, विष्णु गर्ग, अनिल प्रजापति, ललित भारद्वाज, प्रीति राणा, प्रवीण कुमार उपाध्याय, दीपक प्रजापति, कुलदीप पुंडीर, सत्येंद्र कुमार, भूपेंद्र कुमार, मीना सिंह, निर्मल मित्तल, अंजु गुप्ता, रीना सैनी, रेणु सैनी, पूनम त्यागी, नीतू सिंह प्रजापति, सीमा, विमल पोशवाल, शशांक अग्रवाल, आशुतोष बंसल, रमेश शर्मा, विकास शर्मा, हेमंत अरोड़ा, रंजीत त्यागी, शलभ बंसल, शुभम गोयल, मनोज पाल, राजेश्वरी, अनिल दीक्षित, सुगंध जैन, सत्यपाल, माधुरी सिंह, मनोज शर्मा, विजय त्यागी, सुनील गर्ग, देवेंद्र कौशिक, रोहित त्यागी, संजीव गर्ग, राधेश्याम गर्ग, संजीव त्यागी, संजय शर्मा, रजनीकांत गौतम, सौरभ शर्मा, विकास कुमार जैन, जैगम जैदी, हैदर मेहंदी, मदन मोहन त्यागी, राज सिंह रावत, सुधीर गुप्ता, सुखदेव मित्तल, अखिल अग्रवाल, महेंद्र जैन और प्रशांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में संविधान के मूल आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज में बंधुत्व, समानता और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

