रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। चरथावल रोड स्थित निरधना मोड़ पर सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष चौधरी अक्षु त्यागी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना शुरू कर दिया। संगठन ने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए निर्माण तत्काल रुकवाने की मांग की।
मामले में निरधना निवासी नय्यूम अली पुत्र अय्यूब ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि चरथावल रोड स्थित निरधना मोड़ पर उनका 428 वर्गगज का प्लॉट खसरा संख्या 1908 और 1909 में दर्ज है। उनके अनुसार, आसपास की जमीन के संबंध में वेदपाल सिंह पुत्र होशियार सिंह ने 105 वर्गगज भूमि का बैनामा पुरुषोत्तम पुत्र घसीटूराम निवासी साकेत रोड, ब्रह्मपुरी और योगेंद्र कुमार पुत्र भगत सिंह निवासी बड़ौत के नाम किया है।
नय्यूम अली का आरोप है कि वेदपाल सिंह के पास संबंधित खसरा संख्या में केवल आठ से नौ वर्गगज जमीन ही है, जबकि 105 वर्गगज भूमि का बैनामा कर दिया गया। उन्होंने बैनामे को कथित फर्जी बताते हुए आरोप लगाया कि अब पुरुषोत्तम उनके प्लॉट के सामने पीडब्ल्यूडी की सड़क के लिए छोड़ी गई 60 फुट चौड़ी जगह पर निर्माण करा रहे हैं। आरोप है कि सरकारी जमीन के साथ उनके निजी प्लॉट पर भी कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
प्रार्थी ने जिलाधिकारी से निर्माण रुकवाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि निर्माण नहीं रोका गया तो भविष्य में सड़क चौड़ीकरण के दौरान पीडब्ल्यूडी और सरकार को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
एसडीएम पर फोन नहीं उठाने का आरोप
धरने पर बैठे भाकियू अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष चौधरी अक्षु त्यागी ने एसडीएम सदर पर फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के संरक्षण में अवैध निर्माण कराया जा रहा है। त्यागी के अनुसार, हाईवे पर पीडब्ल्यूडी की सड़क के लिए सामान्य तौर पर 65 फुट जगह छोड़कर निर्माण किया जाता है, जबकि इस मामले में कथित तौर पर 45 फुट जगह छोड़कर निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि 45 फुट जगह छोड़कर निर्माण करना सही है तो सभी लोगों को इसी आधार पर निर्माण की अनुमति दी जानी चाहिए। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच, निर्माण पर तत्काल रोक और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। मांगों को लेकर संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसील परिसर में धरने पर डटे हुए हैं।

